बिलासपुर छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन के निष्पक्ष चुनाव के बाद बनी नई प्रबंधन समिति, शिक्षा व्यवस्था होगी सुदृढ़’ मसीही समाज ने मुख्यमंत्री के प्रति किया आभार व्यक्त

बिलासपुर छत्तीसगढ़ डायोसिस बोर्ड ऑफ एजुकेशन के चुनाव के बाद अब नई प्रबंधन समिति का गठन किया गया है। द राइट रेव्ह सुषमा कुमार को पदेन चेयरमैन, नितिन लॉरेंस को उपाध्यक्ष और बिलासपुर के जयदीप रॉबिन्सन को सचिव एवं प्रवीण मसीह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। अमित दास, रेव्ह समीर फ्रैंकलिन, श्रीमती तनुजा पॉल को सदस्य मनोनीत किया गया है।

नवगठित समिति ने संस्था के सुचारू संचालन एवं शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया है। समिति ने स्पष्ट कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आर्थिक अनियमितताओं एवं फर्जी दस्तावेजों के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा संस्था की छवि को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था, जिसके विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन के सहयोग से शीघ्र ही स्थिति पूर्णतः सामान्य हो जाएगी।

यह चुनाव रायपुर कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित किया गया, जिसमें जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। मसीही समाज के प्रतिनिधियों ने चुनाव प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन के सहयोग से लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान संभव हो सका है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम तुलसी राठौर, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!